मुजफ्फरनगर, 28 फरवरी 2026। जनपद की कानून-व्यवस्था और कारागार व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से परीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने पुरुष एवं महिला बैरकों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रसोईघर में भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू के अनुरूप खाद्य सामग्री की उपलब्धता की जांच की गई। संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अधिकारियों ने बैरकों में पहुंचकर बंदियों से सीधे संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने जेल में मिल रही सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था और अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। कई बंदियों ने अपनी बात खुलकर रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कारागार कार्यालय का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के रखरखाव, मुलाकाती रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों का अवलोकन किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर जेल परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों और जैमर प्रणाली की भी जांच की गई तथा उन्हें पूर्णत: सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
कारागार परिसर स्थित अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी व्यवस्था और मरीजों के उपचार की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी बंदी के इलाज में शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, शातिर बंदियों पर विशेष निगरानी रखने तथा प्रतिबंधित वस्तुओं की जेल में आवाजाही पूर्णतः रोकने के निर्देश दिए। अंत में कारागार में तैनात पुलिस बल को भी ड्यूटी के निर्वहन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
