मुज़फ्फरनगर। जनपद के मुज़फ्फरनगर में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस की सक्रियता रंग लाई है। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क की पहल पर कुल 71 हजार रुपये की ठगी गई धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई। कार्रवाई के बाद पीड़ितों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, बुढ़ाना कस्बे के निवासी सोएब के बैंक खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार रुपये निकाल लिए थे। इसी प्रकार खाकरोबान, काशीराम मोहल्ला निवासी मुर्शीदा के खाते से 5 हजार रुपये तथा मास्टर कॉलोनी निवासी संजीव शर्मा के खाते से 30 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई थी।
घटनाओं की जानकारी मिलते ही पीड़ितों ने तत्काल थाना बुढ़ाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्प डेस्क टीम ने संबंधित बैंकों और साइबर सेल से समन्वय स्थापित कर ट्रांजैक्शन को ट्रेस किया। त्वरित तकनीकी कार्रवाई के चलते पूरी 71 हजार रुपये की धनराशि सुरक्षित रूप से वापस खातों में जमा करा दी गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि डिजिटल लेन-देन के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध के मामले भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या निकटतम साइबर हेल्प डेस्क पर संपर्क करें, ताकि समय रहते रकम को होल्ड कराया जा सके।
