मुजफ्फरनगर, 28 फरवरी 2026। आगामी होलिका दहन, होली, नवरात्रि एवं ईद-उल-फितर (रमजान) को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की परंपरागत भाईचारे की संस्कृति को बनाए रखते हुए सभी त्योहार आपसी सम्मान और धार्मिक भावनाओं का आदर करते हुए मनाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए और होलिका दहन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पताल व सभी सीएचसी-पीएचसी को अलर्ट मोड पर रखने तथा दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश भी जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने कहा कि शांति व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर सहित पीस कमेटी के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में अमन-चैन बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group