मुजफ्फरनगर, 28 फरवरी 2026। जनपद में शैक्षणिक संस्थानों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने शुक्रवार को पुलिस मॉर्डन स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध तथा छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया।
पुलिस अधीक्षक अपराध ने कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया, वहीं विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा परिसर में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन नवीन भवन का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों से किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी गई।
निरीक्षण के समय विद्यालय की प्रधानाचार्या सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा समय-समय पर किए जा रहे ऐसे निरीक्षणों को विद्यालयी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group