मुजफ्फरनगर। भोपा थानाक्षेत्र के जौली–बेहड़ा सादात मार्ग पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में गांव करहेड़ा निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर से हुआ, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करहेड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय युवक अपने साथी के साथ बाइक से जौली की ओर जा रहा था। इसी दौरान बेहड़ा सादात की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।
चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। कार चालक भी हादसे में चोटिल हुआ है, जिसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
सूचना पर पहुंची भोपा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
