मुजफ्फरनगर। थाना भोपा पुलिस ने क्षेत्र में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चार लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा पर्चियां, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना भोपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोरना क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से सट्टेबाजी की खाई-बाड़ी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान चार व्यक्तियों को सट्टा लगाते और पर्चियां काटते हुए पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन पुत्र आनंद, हसीन पुत्र मजीद, शिवम पुत्र प्रमोद और पवन पुत्र रामपाल, सभी निवासी मोरना, के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 1865 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
