नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-64 में मामूली रकम के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। डेढ़ हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए झगड़े में एक युवक ने अपने ही दोस्त की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी और शव को नाले में फेंककर फरार हो गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राहुल (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सेक्टर-64 क्षेत्र के आसपास फुटपाथ पर रहकर मजदूरी और छोटे-मोटे काम करके अपना गुजारा करता था। राहुल का परिचित रविन्द्र भी उसी इलाके में रहता था और दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से करीब 1500 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।
बताया जाता है कि घटना वाले दिन सुबह दोनों के बीच पैसों को लेकर फिर से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रविन्द्र ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर राहुल के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने घायल राहुल को पास के नाले में धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने नाले में युवक का शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस को राहुल और रविन्द्र के बीच हुए विवाद की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने तलाश अभियान चलाकर आरोपी रविन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की है।
