मेरठ। जनपद मेरठ के मवाना क्षेत्र में गंगनहर में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के तीन दिन बाद दोनों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए, जिससे मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेरठ शहर के सदर बाजार क्षेत्र निवासी युवक सुहेल और फरमान अपने कुछ साथियों के साथ मवाना क्षेत्र में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी युवक हस्तिनापुर रोड स्थित मध्य गंगनहर पर पहुंच गए और नहर में नहाने लगे। इसी दौरान नहर में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण अचानक संतुलन बिगड़ गया और कई युवक बहाव की चपेट में आ गए।
बताया जाता है कि साथ मौजूद युवकों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए तीन युवकों को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन सुहेल और फरमान तेज धारा में बहते चले गए और देखते ही देखते पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने तुरंत गोताखोरों और राहत टीम की मदद से गंगनहर में तलाश अभियान शुरू कराया। लगातार तीन दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सुहेल का शव मवाना नहर पुल के पास बरामद हुआ, जबकि फरमान का शव परीक्षितगढ़ क्षेत्र के पुठ्ठी गांव के पास नहर में मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए और परिवार में मातम छा गया।
