श्रावस्ती, 5 मार्च 26। जिले में महिला किसान नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों और पैसों को लेकर चल रहे विवाद के चलते महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी।
पुलिस के अनुसार 3 मार्च को जिले के एक जंगल क्षेत्र में महिला का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच के दौरान शव की पहचान 25 वर्षीय आंचल मिश्रा के रूप में हुई, जो भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) की महिला विंग की जिलाध्यक्ष थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और कई संदिग्धों से पूछताछ की।
जांच के आधार पर पुलिस ने सूरज वर्मा नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी सूरज वर्मा क्षेत्र का पुराना हिस्ट्रीशीटर है और वर्ष 2011 से अब तक उसके खिलाफ सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले चार महीनों से उसका आंचल मिश्रा के साथ संपर्क था और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं।
आरोपी के अनुसार महिला अक्सर उससे पैसों की मांग करती थी और पैसे न देने पर पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराने की धमकी देती थी। इसी बात से परेशान होकर आरोपी ने 17 फरवरी को बहाने से आंचल मिश्रा को जंगल की ओर बुलाया और वहां उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए उसने शव को जंगल में ही छिपा दिया और मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group