मुजफ्फरनगर, 5 मार्च 26। नई मंडी थाना क्षेत्र में बीबीपुर पुलिस चौकी के समीप स्थित एक फार्म हाउस में चौकीदार की निर्मम हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह फार्म हाउस परिसर में उसका लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे को ईंट-पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया गया था, जिससे हत्या को अंजाम देने के बाद पहचान छिपाने की आशंका भी जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव नौना निवासी हुसन पाल (लगभग 50 वर्ष) पिछले करीब एक दशक से दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित सिक्का फार्म हाउस पर चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। वह रोजाना की तरह फार्म हाउस पर ही रात में ड्यूटी कर रहे थे।
बताया गया कि गुरुवार सुबह जब काफी देर तक हुसन पाल का मोबाइल फोन नहीं उठा तो उनके छोटे बेटे अश्वनी को चिंता हुई। वह तत्काल फार्म हाउस पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने देखा कि उसके पिता का शव जमीन पर पड़ा हुआ है और आसपास खून फैला हुआ है। पिता की यह हालत देखकर उसने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात हमलावरों ने चौकीदार के सिर और चेहरे पर ईंट-पत्थरों से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना स्थल पुलिस चौकी के नजदीक होने के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी नजदीक हत्या की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस फार्म हाउस से जुड़े लोगों और आसपास के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group