नई दिल्ली, 6 मार्च 26। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल इस परीक्षा में राजस्थान के कोटा जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है। परिणाम घोषित होते ही देशभर के अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई।
UPSC द्वारा जारी अंतिम मेरिट सूची के अनुसार इस वर्ष कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए किया गया है। आयोग ने यह परिणाम प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के प्रदर्शन के आधार पर तैयार किया है।
टॉपर बने अनुज अग्निहोत्री ने एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और पूरी लगन के साथ UPSC की तैयारी शुरू की। बताया जाता है कि वे पहले दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा (DANICS) से भी जुड़े रहे हैं। कड़ी मेहनत और लगातार प्रयासों के बाद उन्होंने इस वर्ष परीक्षा में देशभर में पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
इस परीक्षा में राजेश्वरी सुवे एम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि अकांश धुल तीसरे स्थान पर रहे हैं। इसके अलावा राघव झुनझुनवाला ने चौथा, ईशान भटनागर ने पांचवां और जिन्निया अरोड़ा ने छठा स्थान हासिल किया। वहीं ए.आर. राजा मोहिदीन सातवें स्थान पर रहे, जबकि पक्षाल सेक्रेटरी ने आठवां स्थान प्राप्त किया। आस्था जैन नौवें और उज्ज्वल प्रियंक दसवें स्थान पर रहे।
सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है। हर वर्ष लाखों युवा इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन अंतिम चयन सीमित संख्या में ही होता है। ऐसे में इस परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि माना जाता है। परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों के घरों में जश्न का माहौल है, वहीं सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह सफलता नई प्रेरणा बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group