शामली, 6 मार्च 26। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के घोषित परिणाम में शामली जनपद की होनहार बेटी आस्था जैन ने ऑल इंडिया 9वीं रैंक प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से जिले में खुशी का माहौल है और परिवार सहित क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
कांधला क्षेत्र की रहने वाली आस्था जैन ने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। बताया जाता है कि आस्था इससे पहले भी यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित हो चुकी थीं, लेकिन उनका लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) बनना था। इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने दोबारा परीक्षा दी और इस बार देशभर में 9वीं रैंक हासिल कर शीर्ष स्थानों में जगह बनाई।
आस्था जैन के पिता एक छोटे व्यापारी हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली आस्था की इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
परिणाम घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group