मुजफ्फरनगर। कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए जिले के किसानों का चयन शुक्रवार को ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। यह प्रक्रिया विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और किसान भी मौजूद रहे।
कृषि विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जिन किसानों ने कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, उनका चयन पारदर्शी व्यवस्था के तहत ई-लॉटरी प्रणाली से किया गया। चयनित और प्रतीक्षारत किसानों की जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के माध्यम से भेज दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि चयनित किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कृषि यंत्र का बिल कृषि विभाग की वेबसाइट agridarshan.up.gov.in पर अपलोड करना होगा। यदि तय अवधि में बिल अपलोड नहीं किया जाता है तो प्रतीक्षारत सूची में शामिल किसान स्वतः चयनित हो जाएगा।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। विभाग ने किसानों से किसी भी समस्या के समाधान के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group