नोएडा, 6 मार्च 26। रंगों के पर्व होली पर इस बार नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शराब की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया। जिला आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार त्योहार से पहले तीन दिनों में जिले भर में करीब 42 करोड़ रुपये से अधिक की शराब की बिक्री दर्ज की गई। त्योहार के उत्साह के चलते शराब की दुकानों पर सुबह से देर रात तक खरीदारों की लंबी कतारें लगी रहीं।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 1 मार्च से 3 मार्च के बीच शराब की मांग अचानक बढ़ गई। लोगों ने होली से पहले बड़ी मात्रा में शराब की खरीदारी की, क्योंकि 4 मार्च को होली के दिन शासन के निर्देश पर ड्राई डे घोषित किया गया था और उस दिन सभी शराब की दुकानें बंद रहीं।
आंकड़ों के अनुसार इन तीन दिनों में जिले में लगभग 1.80 लाख लीटर अंग्रेजी शराब, करीब 3 लाख लीटर देशी शराब और लगभग 2.5 लाख लीटर बीयर की बिक्री हुई। सबसे अधिक मांग बीयर और देशी शराब की रही। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों की अधिकांश दुकानों पर त्योहार से एक-दो दिन पहले ही भारी भीड़ देखने को मिली।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि त्योहार को देखते हुए पहले से ही दुकानों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया था, जिससे कहीं भी शराब की कमी की स्थिति नहीं बनी। विभाग की टीमों ने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी भी की।
उन्होंने बताया कि इस भारी बिक्री से सरकार को भी अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है। अनुमान के अनुसार होली के आसपास हुई शराब बिक्री से करीब 30 करोड़ रुपये से अधिक का आबकारी राजस्व राज्य सरकार को मिला है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हर वर्ष होली और नए साल के अवसर पर शराब की बिक्री में तेजी आती है, लेकिन इस बार मांग पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक रही। त्योहार के चलते देर रात तक दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group