मुजफ्फरनगर, 6 मार्च 26। शहर के एक व्यापारी से फोन पर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने और उसकी हत्या की साजिश रचने वाले दो बदमाशों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार पटेलनगर निवासी व्यापारी राजीव जैन पुत्र धर्मचंद जैन ने कुछ दिन पहले थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से उन्हें लगातार कॉल कर रहा है और सुरक्षा के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग कर रहा है। आरोपी ने पैसे न देने पर व्यापारी और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि रंगदारी मांगने वाले बदमाश बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाश भागकर जंगल की ओर जाने लगे और खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जबकि दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। घायल आरोपी की पहचान प्रताप चौधरी उर्फ देवता पुत्र नरेशपाल निवासी हुसैनपुर, थाना रामराज (मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है, जबकि उसके साथी रवि उर्फ सूटर पुत्र रनवीर निवासी बाखरपुर, थाना बालेनी जनपद बागपत को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, .315 बोर के कारतूस, खोखा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सुपारी लेकर अपराध करने वाले गिरोह से जुड़े हैं। आरोपियों ने बताया कि जेल में उनकी मुलाकात अतुल कुमार नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने व्यापारी राजीव जैन की हत्या के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी। उसी योजना के तहत पहले व्यापारी से फोन पर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगकर उसे डराने की कोशिश की गई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच कर जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group