मुजफ्फरनगर, 7 मार्च 26। तहसील जानसठ सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, राशन कार्ड, बिजली और पेंशन से संबंधित शिकायतों की सबसे अधिक भरमार देखने को मिली। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और अपर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें भूमि विवाद, विद्युत आपूर्ति, समाज कल्याण विभाग, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पूर्ति विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, जल निगम ग्रामीण, श्रम विभाग, सड़क और पुलिस प्रशासन से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं। इनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को जांच कर निस्तारण के लिए भेजा गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें और शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आईजीआरएस और सीएम डैशबोर्ड पर प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण किया जाए। इस दौरान उप जिलाधिकारी जानसठ राजकुमार भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया, तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group