मेरठ, 7 मार्च 26। मेरठ जनपद के मवाना कस्बे में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे खड़े एक टेम्पो के अंदर एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया गया है कि मवाना थाना क्षेत्र में प्रिया टॉकीज के पास एक टेम्पो खड़ा था। आसपास के लोगों ने जब टेम्पो के अंदर युवक को खून से लथपथ हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवाना भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार युवक को गोली लगने की आशंका जताई जा रही है। घायल युवक की पहचान मवाना क्षेत्र के मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी सुभान के रूप में बताई गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक को गोली किसने और किन परिस्थितियों में मारी।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
