मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दधेडू कला में जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच गंभीर टकराव की स्थिति बन गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया और लोगों में भय व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के कुछ लोगों के बीच पुश्तैनी जमीन के हिस्से को लेकर लंबे समय से मतभेद चल रहा था। जिसके चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी ने तीखा रूप ले लिया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन तनाव कम होने के बजाय और बढ़ता चला गया।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान पुत्र शमीम, गुल्लू पुत्र इकलाक, सारिक पुत्र सरताज तथा शहजाद पुत्र सगीर, निवासी ग्राम दधेडू कला के रूप में हुई है।
पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपियों का चालान कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
