मुजफ्फरनगर, 8 मार्च 26। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को सदर ब्लॉक कूकड़ा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशन तथा सचिव के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पैरा लीगल वालंटियर गौरव मलिक ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, सामाजिक सेवा और सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज समाज और राष्ट्र निर्माण में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने महिलाओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि जरूरतमंद लोगों को निशुल्क अधिवक्ता और मुफ्त विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से भी कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक अदालत में बैंक, विद्युत, यातायात, पारिवारिक विवाद, संपत्ति विवाद और चेक बाउंस जैसे मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाता है।
पैरा लीगल वालंटियर धनीराम ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। साथ ही सरकार द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों जैसे महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, वन स्टॉप सेंटर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्था एक्शन एड के जिला संयोजक ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए।
