इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी ही साली की हत्या कर दी और वारदात के बाद खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के इस कबूलनामे के बाद पुलिस में भी हड़कंप मच गया और तत्काल टीम भेजकर घर से युवती का शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार सैफई थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव निवासी विजय कुशवाहा (लगभग 35 वर्ष) दिल्ली जल बोर्ड में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्य करता है। बताया जा रहा है कि विजय की पत्नी की मौसेरी बहन सुनैना (18 वर्ष) से पिछले कुछ समय से उसका प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों को लेकर परिवार में पहले से ही विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
परिजनों के मुताबिक 4 मार्च को होली के दिन विजय युवती को अपने साथ लेकर दिल्ली चला गया था। युवती के अचानक लापता होने पर उसके परिवार ने सैफई थाने में विजय के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। बताया जाता है कि दिल्ली में दोनों ने मंदिर में शादी करने की बात भी कही थी।
कुछ दिन बाद विजय और सुनैना इटावा लौट आए और शहर के एक किराए के मकान में रहने लगे। शनिवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर विजय ने पास में पड़ी ईंट से युवती के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से सुनैना की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद आरोपी भागने के बजाय सीधे इटावा कोतवाली पहुंच गया। वहां उसने पुलिस से कहा कि उसने अपनी साली की हत्या कर दी है और शव उसके घर में पड़ा हुआ है। आरोपी की बात सुनकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे से युवती का खून से लथपथ शव बरामद किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी विजय कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से ईंट सहित अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार विजय ने करीब पांच साल पहले निशा नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था और दोनों का एक तीन साल का बेटा भी है। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और पत्नी मायके में रह रही थी। इसी दौरान आरोपी की अपनी साली से नजदीकियां बढ़ गई थीं, जो आखिरकार इस खौफनाक वारदात में बदल गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group