सहारनपुर। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नकुड़ पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर कौशर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत की स्मैक बरामद की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थाना नकुड़ पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वांछित नशा तस्कर क्षेत्र में स्मैक की खेप लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अम्बेहटा-गंगोह मार्ग पर रामसहायवाला के समीप संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, जिसकी पहचान कौशर पुत्र स्वर्गीय कामिल, निवासी ग्राम घाटमपुर थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से करीब 1 किलो 27 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी काफी समय से नशे की तस्करी के मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में रहकर नशा तस्करी का नेटवर्क संचालित करता था और अन्य राज्यों से स्मैक मंगवाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन सवेरा के तहत जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group