मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली मुख्यालय और जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में पहुंच गए। सीएमओ के औचक निरीक्षण से अस्पताल कर्मियों में हलचल मच गई। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
सीएचसी मखियाली में निरीक्षण के दौरान डॉ. तेवतिया ने ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, दवा वितरण काउंटर और पैथोलॉजी लैब का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने वैक्सीन रखने के लिए बनाए गए कोल्ड चेन कक्ष की भी जांच की। तापमान रजिस्टर और वैक्सीन स्टोरेज व्यवस्था को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड चेन प्रणाली का पूरी तरह पालन किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार दिया जाए और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त इलाज का लाभ मिल सके।
इसके बाद सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय परिसर स्थित इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं, चिकित्सकीय उपकरणों और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जांच की। साथ ही मेडिसिन स्टॉक और ड्रेसिंग बॉक्स में उपलब्ध सामग्री को भी देखा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति भी जांची गई। सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। सीएमओ ने कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों और उनके परिजनों के लिए जरूरी है और सभी स्वास्थ्य संस्थानों में इस पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद के अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group