नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया के बीच कई राज्यों में राजनीतिक समीकरण पूरी तरह स्पष्ट हो गए हैं। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि बीतने के बाद देश के विभिन्न राज्यों से कुल 26 उम्मीदवार निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुन लिए गए हैं। अब शेष 11 सीटों के लिए बिहार, ओडिशा और हरियाणा में 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा।
दरअसल, अप्रैल माह में राज्यसभा के कई सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिनकी जगह भरने के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई थी। कई राज्यों में विधानसभा में दलों की संख्या और समर्थन के समीकरण ऐसे बने कि विपक्ष ने उम्मीदवार नहीं उतारे या नाम वापस ले लिए। इसके चलते अनेक सीटों पर उम्मीदवार बिना मतदान के ही निर्वाचित घोषित कर दिए गए।
महाराष्ट्र की सात सीटों पर सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। इनमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, भाजपा नेता विनोद तावड़े, रामराव वाडकुटे, माया इवनाते, ज्योति वाघमारे तथा पार्थ पवार शामिल हैं।
तमिलनाडु में छह सीटों पर भी किसी प्रकार का मुकाबला नहीं हुआ। यहां से एम. थम्बीदुरई, अंबुमणि रामदास, तिरुचि शिवा, जे. कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन, एम. क्रिस्टोफर तिलक और एल.के. सुदीश राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए।
इसी तरह पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार, मेनका गुरुस्वामी, कोयल मलिक तथा भाजपा के राहुल सिन्हा को निर्विरोध जीत मिली।
तेलंगाना से कांग्रेस के वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी और पार्टी नेता वेम नरेंद्र रेड्डी राज्यसभा पहुंचे हैं।
असम में एनडीए समर्थित जोगेन मोहन, तेराश गोवाला और प्रमोद बोरो बिना मुकाबले सांसद चुने गए। वहीं छत्तीसगढ़ से भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलो देवी नेताम तथा हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस नेता अनुराग शर्मा निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
हालांकि सभी सीटों पर स्थिति एक जैसी नहीं है। बिहार, ओडिशा और हरियाणा में राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला होने के कारण वहां मतदान कराया जाएगा। इन तीन राज्यों की 11 सीटों के लिए 16 मार्च को वोटिंग होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार कई राज्यों में उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने से राज्यसभा की आगामी संरचना लगभग तय हो चुकी है। शेष सीटों के परिणाम आने के बाद उच्च सदन में दलों की वास्तविक ताकत का पूरा चित्र सामने आएगा।
