जौनपुर/आजमगढ़। प्रेम संबंध को शादी में बदलने की जिद में एक युवती ने ऐसा कदम उठा लिया जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवती अचानक हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग करते हुए काफी देर तक हंगामा करती रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
मामला जौनपुर जनपद के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार करीब 20 वर्षीय युवती का प्रेम संबंध आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव गांव निवासी युवक से चल रहा था। दोनों के बीच काफी समय से बातचीत और मुलाकातें हो रही थीं, लेकिन जब परिवार वालों को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि कुछ समय पहले युवती प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। इस घटना के बाद युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बाद में युवती ने ही अदालत में पैरवी कर युवक की जमानत करवा दी। जेल से बाहर आने के बाद युवक रोजगार की तलाश में मुंबई चला गया और दोनों के बीच संपर्क कम हो गया। इसी बात से नाराज युवती मंगलवार को आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के बैरकडीह गांव के पास पहुंची और अचानक हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई।
युवती को खंभे पर चढ़ा देख राहगीरों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया। सूचना मिलने पर दीदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश पर युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर अपने साथ थाने ले गई और परिजनों को सूचना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group