शामली/बागपत, 11 मार्च 26। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी ने एक बार फिर खून बहा दिया। शामली जिले के बहावड़ी गांव निवासी और चर्चित विक्की त्यागी हत्याकांड के आरोपी सागर मलिक के पिता विवेक उर्फ विक्की मलिक की बागपत जिले के दोघट क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि बहावड़ी गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार विवेक मलिक रात दोघट क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही वह मैरिज होम के बाहर अपनी कार की ओर बढ़े, उसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल विवेक मलिक को मौके पर मौजूद लोग अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद हमलावर मौके से भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी का पैर फिसल गया, जिसे वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में आसपास के क्षेत्रों में दबिश दे रही है।
बताया जाता है कि बहावड़ी गांव में पिछले कई वर्षों से ग्राम पंचायत चुनाव और आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खून-खराबे का सिलसिला चलता रहा है। इस दुश्मनी में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। विवेक मलिक भी इसी विवाद से जुड़े मामलों में पहले जेल जा चुके थे और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आए थे।
गौरतलब है कि विवेक मलिक का बेटा सागर मलिक वर्ष 2015 में मुजफ्फरनगर अदालत परिसर में हुए विक्की त्यागी हत्याकांड के कारण चर्चाओं में आया था। उस घटना में सागर मलिक ने वकील की वेशभूषा में कोर्ट पहुंचकर गैंगस्टर विक्की त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। फिलहाल सागर मलिक और उसका भाई सौरभ जेल में बंद बताए जाते हैं।
इस ताजा हत्या के बाद बहावड़ी गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी गई है तथा गांव में लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर फरार हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group