मुजफ्फरनगर, 11 मार्च 26। शहर के रामपुरी क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं ने गैस वितरण केंद्र पर विरोध जताते हुए वेंडर पर कालाबाजारी करने का आरोप लगाया। काफी देर तक एजेंसी परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार रामपुरी स्थित इंडेन गैस एजेंसी के वेंडर प्वाइंट पर सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए थे। क्षेत्र के शाहबाजपुर, रामपुरी, खालापार और लद्दावाला मोहल्लों के लोग खाली सिलेंडर लेकर लाइन में लगे थे। काफी देर इंतजार के बाद भी जब गैस नहीं मिली तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं में आरिफ, मोहम्मद शादाब, रिजवान, नसीम, साजिद और दिलशाद सहित कई लोगों का कहना था कि पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। लोगों का आरोप है कि कुछ चुनिंदा लोगों को ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जबकि बाकी उपभोक्ताओं को स्टॉक खत्म होने का बहाना बनाकर वापस भेज दिया जाता है।
कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर खुलेआम अधिक कीमत पर बेचे जा रहे हैं। इससे आम लोगों को गैस मिलने में परेशानी हो रही है। उपभोक्ताओं का कहना था कि कई लोग सुबह से लाइन में खड़े रहे, लेकिन अंत में उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
मामले की सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और काफी देर तक एजेंसी के बाहर शोर-शराबा होता रहा। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से गैस वितरण व्यवस्था की जांच कराने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group