सहारनपुर। जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ एंटी करप्शन संगठन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग के एक हेड कांस्टेबल को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हेड कांस्टेबल अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो सहारनपुर जिले के एक थाने में तैनात बताया जा रहा है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार देवबंद क्षेत्र के एक व्यक्ति ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उसके एक मामले में राहत देने के बदले हेड कांस्टेबल अशोक कुमार उससे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पहले मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद एंटी करप्शन संगठन की टीम ने जाल बिछाते हुए शिकायतकर्ता को चिन्हित नोट देकर आरोपी के पास भेजा। तय योजना के अनुसार जैसे ही हेड कांस्टेबल अशोक कुमार ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये लिए, पहले से घात लगाए एंटी करप्शन टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल तो नहीं रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group