मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव जौली निवासी एक युवक के पंजाब में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवक की मां ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लोगों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके बेटे को पंजाब ले जाकर वर्षों तक काम कराया और वेतन मांगने पर उसके साथ मारपीट कर दी। बाद में युवक का मोबाइल भी छीन लिया गया और तब से उसका कोई पता नहीं चल रहा है।
जानकारी के अनुसार भोपा क्षेत्र के ग्राम जौली निवासी महिला मोमिना ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वर्ष 2019 में नई मंडी क्षेत्र के ग्राम बझेड़ी निवासी फरमान और मन्नू तथा शाहपुर क्षेत्र के ग्राम तावली निवासी सादिक उसके घर आए थे। आरोप है कि तीनों ने उसके बेटे जीशान को पंजाब के राजपुरा में पशुओं के कारोबार में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और करीब 25 हजार रुपये मासिक वेतन देने का वादा करते हुए उसे अपने साथ ले गए।
पीड़िता के अनुसार जीशान कई वर्षों तक पंजाब में रहकर काम करता रहा, लेकिन बाद में आरोपियों ने उसका वेतन देना बंद कर दिया। परिवार का कहना है कि जनवरी 2025 से जीशान की मेहनताना राशि रोकी जाने लगी, जिससे उसके करीब तीन लाख रुपये बकाया हो गए।
महिला का आरोप है कि 29 जनवरी 2026 को जीशान ने किसी अन्य व्यक्ति के फोन से अपनी मां को कॉल कर बताया कि जब उसने बकाया रुपये मांगे तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उसने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और जेब में रखे पैसे भी छीन लिए हैं। इसके बाद से युवक का फोन बंद हो गया और उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने कई बार पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कार्रवाई न होने पर मजबूर होकर अदालत का सहारा लेना पड़ा। न्यायालय के आदेश पर भोपा थाना पुलिस ने फरमान, मन्नू और सादिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया है। युवक की तलाश के लिए संबंधित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
