मुजफ्फरनगर। शहर और आसपास के इलाकों में बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने कड़ा अभियान चलाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने जानसठ रोड स्थित बीबीपुर गांव और राष्ट्रीय राजमार्ग-58 के पास ग्राम शेरनगर में अवैध रूप से काटे जा रहे प्लॉटों और निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार का विरोध नहीं हो सका।
एमडीए अधिकारियों के अनुसार जानसठ रोड पर गांव बीबीपुर में भट्टे के पीछे लगभग 35 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां जमीन पर प्लॉटों की मार्किंग कर सड़कें बनाने की तैयारी भी की जा चुकी थी। आरोप है कि इस जमीन पर पुष्पेंद्र त्यागी और अजय सिंह द्वारा बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के कॉलोनी काटी जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से प्लॉटिंग से जुड़ी सभी संरचनाओं को ध्वस्त करा दिया और जमीन को समतल करा दिया।
इसी अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-58 के निकट स्थित ग्राम शेरनगर में भी बड़ी कार्रवाई की गई। यहां करीब 75 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने की जानकारी मिली थी। जांच में सामने आया कि जमीन पर प्लॉट काटकर बेचने की तैयारी चल रही थी और इसके लिए सड़क तथा अन्य सुविधाओं की प्रारंभिक व्यवस्था भी की जा रही थी। एमडीए की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से पूरी प्लॉटिंग को ध्वस्त करा दिया।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों स्थानों पर अवैध कॉलोनियों को लेकर पहले ही नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्माण और प्लॉटिंग का काम बंद नहीं किया गया। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान एमडीए के अभियंताओं और प्रवर्तन दल के साथ स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही।
