मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि अदालत में चल रहे वैवाहिक विवाद के मुकदमे को वापस लेने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। इनकार करने पर आरोपियों ने उसकी बहन की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर फैलाने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव गढ़ी बहादुरपुर निवासी महिला ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2018 में बागपत जनपद के थाना क्षेत्र बड़ौत के गांव कुरड़ी निवासी रोहित के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा, जिसके चलते मामला अदालत तक पहुंच गया और फिलहाल यह मामला मुजफ्फरनगर की अदालत में विचाराधीन है।
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति रोहित और देवर मोहित कई दिनों से उस पर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे। जब उसने समझौते से साफ इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उसे डराने-धमकाने की कोशिश शुरू कर दी। महिला का कहना है कि होली के दिन 2 मार्च को शाहपुर कस्बे में उसे रोककर गाली-गलौज की गई और अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।
महिला के मुताबिक इसके कुछ दिन बाद 5 मार्च को उसके मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप के जरिए उसकी बहन की आपत्तिजनक तस्वीरें भेजी गईं। साथ ही मैसेज में चेतावनी दी गई कि यदि अदालत में चल रहा मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो इन तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया जाएगा, जिससे परिवार की बदनामी होगी।
घटना से घबराई महिला ने अपने परिजनों को जानकारी दी और बाद में शाहपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी रोहित और मोहित के खिलाफ धमकी देने, ब्लैकमेल करने और आईटी एक्ट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी शाहपुर का कहना है कि पीड़िता द्वारा दिए गए मोबाइल मैसेज, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group