मुजफ्फरनगर, 12 मार्च 26। जनपद के बुढ़ाना क्षेत्र में एक शिक्षक के खिलाफ युवती से दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में विवाह से साफ इंकार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि आरोपी बुढ़ाना कस्बा, जनपद मुजफ्फरनगर, पेशे से शिक्षक है। आरोप है कि कुछ वर्ष पहले उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का वादा किया और भरोसा दिलाते हुए उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो वह बहाने बनाने लगा और बाद में विवाह करने से साफ मना कर दिया। इससे आहत होकर युवती ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन युवती को लेकर थाना बुढ़ाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
