मुजफ्फरनगर, 12 मार्च 26। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 495 ग्राम अवैध चरस बरामद कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना भोपा पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जनता इंटर कॉलेज, भोपा के निकट एक युवक पुलिस को देखकर अचानक घबराकर तेजी से दूसरी दिशा में जाने लगा। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। इस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद एक पॉलिथीन से करीब 495 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद दानिश पुत्र दिलशाद निवासी नई बस्ती, भोपा, जनपद मुजफ्फरनगर बताया। पुलिस ने जब उससे बरामद मादक पदार्थ के संबंध में जानकारी मांगी तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद चरस को कब्जे में ले लिया। आरोपी के खिलाफ थाना भोपा में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
