मुजफ्फरनगर, 12 मार्च 26। जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं की कमी, चिकित्सकों की अनुपस्थिति तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं सीएमओ के समक्ष रखीं। डॉ. तेवतिया ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामलों की जांच कर जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. सुनील तेवतिया ने आम नागरिकों से अपील की कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं बिना किसी झिझक के विभाग तक पहुंचाएं, ताकि व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने लोगों को जन शिकायत मोबाइल ऐप के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा के बारे में जानकारी दी।
