दोघट (टीकरी), 15 फरवरी26।  बागपत जनपद के दोघट थाना क्षेत्र के टीकरी कस्बे में रविवार को रिश्तों की जटिलता और सामाजिक मर्यादाओं को लेकर चर्चा छेड़ देने वाला मामला सामने आया। यहां आठ वर्ष पूर्व विवाह बंधन में बंधे पंकज (उम्र करीब 30 वर्ष) ने अपनी पत्नी पूजा (उम्र करीब 28 वर्ष) और अपने ही भतीजे संजीव (उम्र 22 वर्ष) का विवाह थाने के बाहर संपन्न करा दिया। विवाह की रस्में पुलिस की मौजूदगी में कराई गईं, जिससे घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
जानकारी के अनुसार पंकज और पूजा के दो छोटे बच्चे हैं। परिवार सामान्य रूप से जीवन यापन कर रहा था, लेकिन पिछले लगभग पांच वर्षों से पूजा और संजीव के बीच निकटता बढ़ने लगी थी। परिजनों को जब इस संबंध की भनक लगी तो घर में विवाद शुरू हो गया। कई बार परिवार के बुजुर्गों और ग्रामीणों की बैठक हुई, समझाने का प्रयास किया गया, परंतु दोनों ने अलग होने से इनकार कर दिया। स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती चली गई।
पंकज ने थाने में दिए बयान में कहा कि वह लंबे समय से मानसिक दबाव में था। उसका कहना था कि हालात ऐसे हो गए थे कि उसे अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भय सताने लगा था। उसने आशंका जताई कि यदि मामला यूं ही चलता रहा तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इसी आशंका के चलते उसने स्वयं आगे बढ़कर पत्नी और भतीजे का विवाह कराने का निर्णय लिया, ताकि आगे किसी प्रकार का विवाद या अनहोनी न हो।
रविवार शाम पंकज दोनों पक्षों के परिजनों के साथ दोघट थाने पहुंचा और पूरी स्थिति पुलिस के समक्ष रखी। पुलिस ने पहले समझौते का प्रयास किया, लेकिन जब पूजा और संजीव ने स्पष्ट रूप से साथ रहने की इच्छा जताई तो अंततः थाने के बाहर ही पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। पंकज ने लिखित रूप से यह भी दिया कि वह पत्नी से अलग रहना चाहता है और इस विवाह पर उसे कोई आपत्ति नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group