मुजफ्फरनगर। जनपद में खेल प्रेमियों के लिए रोमांचक मुकाबलों का दौर शुरू होने जा रहा है। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुजफ्फरनगर में 20 मार्च से 22 मार्च 2026 तक ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह 10 बजे से आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों की चयनित टीमें अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगी।
उप क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता शासन के निर्देशों के अनुपालन में उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 10 सर्वश्रेष्ठ टीमों के लगभग 150 खिलाड़ी भाग लेंगे और तीन दिनों तक रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले होने की उम्मीद है, जिससे खेल प्रेमियों को भी रोमांचक दृश्य देखने को मिलेंगे।
आयोजन के दौरान जनपद के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी स्टेडियम परिसर में उपस्थित रहेंगे। जिला खेल कार्यालय ने खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाली टीमों के बीच खिताब के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा, जिससे चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम एक बार फिर कबड्डी के जोश और जुनून से गुलजार रहेगा।
