मुजफ्फरनगर। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला सेवायोजन कार्यालय मुजफ्फरनगर और एस.डी. इंजीनियरिंग कॉलेज, जानसठ रोड के संयुक्त तत्वावधान में 19 मार्च 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला एस.डी. इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की 40 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा करीब 3500 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार और लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। मेले में के.के.सी. एंटरप्राइजेज, एडलवाइस लाइफ इंश्योरेंस, हॉली हर्क्स, पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, फिलिप कार्ड, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), डिक्सन टेक्नोलॉजी सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इन पदों में एग्जीक्यूटिव, टेक्निकल असिस्टेंट, फील्ड एग्जीक्यूटिव, इंश्योरेंस एडवाइजर समेत विभिन्न पद शामिल हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर जॉबसीकर के रूप में ऑनलाइन पंजीकरण कराना आवश्यक होगा। मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ पंजीकरण कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, फोटो आईडी और बायोडाटा अवश्य लाना होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग और चयन की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रहेगी। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय मुजफ्फरनगर में संपर्क कर सकते हैं। हालांकि मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का मार्ग व्यय नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group