मुजफ्फरनगर। आगामी जनगणना-2027 को लेकर जनपद में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में भोपा रोड स्थित एस.डी. पब्लिक स्कूल में फील्ड ट्रेनरों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन गुरुवार को जारी रहा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेन्द्र कुमार ने किया और प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की महत्ता से अवगत कराया।
जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद में जनगणना कार्य को सुचारू, व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है। कार्यक्रम में नामित फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से जुड़े विभिन्न तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि आगे चलकर वे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित कर सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी गजेन्द्र कुमार ने कहा कि जनगणना देश का एक महत्वपूर्ण और व्यापक अभियान है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आवास, साक्षरता और रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को पूरी पारदर्शिता, जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ करना बेहद जरूरी है।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने फील्ड ट्रेनरों को हाउस लिस्टिंग, हाउसिंग जनगणना के विभिन्न चरणों, प्रपत्रों के सही संधारण, डिजिटल एप्लीकेशन के उपयोग, फील्ड स्तर पर कार्य संचालन और रिपोर्टिंग प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जनगणना से जुड़ी सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने और कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जबकि इसका दूसरा चरण 16 से 18 मार्च 2026 तक संचालित होगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यही फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनपद में जनगणना-2027 का कार्य प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर रुपेश कुमार, अपर जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी धुरेन्द्र तोमर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता तथा जनगणना निदेशालय से ज्योति नामदेव और गौरव गुंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और नामित फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए सवालों का विशेषज्ञों ने मौके पर समाधान भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group