मुजफ्फरनगर। जनपद के उभरते खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर की ओर से वर्ष 2025-26 के लिए जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 14 मार्च से 18 मार्च 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिताओं का मुख्य आयोजन चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुजफ्फरनगर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से होगा, जबकि कुछ खेल निर्धारित अकादमियों में संपन्न कराए जाएंगे।
जिला खेल कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार प्रतियोगिताओं में बॉक्सिंग, कुश्ती, वॉलीबॉल, जूडो, कराटे, एथलेटिक्स, हैंडबॉल, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, सॉफ्टबॉल और कबड्डी सहित कई खेलों में मुकाबले होंगे। प्रतियोगिताओं में जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
बताया गया है कि बैडमिंटन प्रतियोगिता वसुंधरा बैडमिंटन एकेडमी, वसुंधरा कॉलोनी में आयोजित होगी, जबकि कबड्डी मुकाबले श्याम कबड्डी एकेडमी, शाहपुर में कराए जाएंगे। शेष खेल प्रतियोगिताएं चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में ही आयोजित होंगी।
जिला खेल कार्यालय ने बताया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों, टीमों, क्लबों, अकादमियों तथा विद्यालयों को प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इच्छुक खिलाड़ी अपनी प्रविष्टि कार्यदिवस में जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम मुजफ्फरनगर में जमा कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिताओं के अंत में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
उप क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र सिंह यादव ने जनपद के खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर खेल प्रतिभा दिखाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group