मुजफ्फरनगर। 12 मार्च 26। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर पंचायत भोकरहेड़ी में चल रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गुरुवार को महिला सफाई मित्रों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भोकरहेड़ी में लगाया गया, जिसमें नगर पंचायत क्षेत्र में कार्यरत महिला सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरला देवी और अधिशासी अधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशानुसार 08 मार्च से 14 मार्च 2026 तक महिला दिवस सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महिला सफाई मित्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में मौजूद चिकित्सकों की टीम ने महिला सफाई कर्मियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन और वजन समेत कई आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गईं। साथ ही चिकित्सकों ने उन्हें संतुलित आहार लेने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. अमित शर्मा, डॉ. अंकित शर्मा और डॉ. मेघा ने महिला सफाई मित्रों का परीक्षण किया और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत भोकरहेड़ी के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य शिविर में शामिल महिला सफाई मित्रों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नियमित जांच का अवसर भी प्रदान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group