आगरा, 13 मार्च 26। जनपद के पिनाहट क्षेत्र में देर रात एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव होने से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। गैस फैलते ही ग्रामीणों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिनाहट थाना क्षेत्र के कुकथरी गांव के समीप स्थित समाधिया कोल्ड स्टोरेज में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। गैस की तीखी गंध फैलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई ग्रामीण घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
गैस के प्रभाव से छह बच्चों समेत करीब 27 लोग प्रभावित हो गए। इनमें कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत कर्मचारी मोहम्मद सलीम भी शामिल बताया जा रहा है। सभी को तत्काल पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को सामान्य बताया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी और डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। दमकल विभाग और तकनीकी टीम ने कोल्ड स्टोरेज में पहुंचकर रिसाव वाले स्थान को बंद कराया, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति नियंत्रण में आ सकी।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने आसपास के गांव में मुनादी कराकर लोगों को कुछ समय के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और गैस रिसाव के कारणों की जांच कराई जा रही है।
