मुजफ्फरनगर,13 मार्च 26। मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली क्षेत्र में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना के आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान टीकू उर्फ पिंकू निवासी मोहद्दीनपुर, थाना खतौली के रूप में हुई है। बताया गया कि आरोपी गांव की करीब डेढ़ वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ गंभीर अपराध को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़िता की मां की तहरीर पर खतौली कोतवाली में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाने लगी।
इसी दौरान पुलिस टीम पमनावली राजवाहा मार्ग पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा और उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
