मुजफ्फरनगर, 13 मार्च 26। जनपद में संचालित गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को परखने के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को रोहाना खुर्द तथा रामपुर तिराहा स्थित अस्थाई गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंश के स्वास्थ्य, चारा-पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
रोहाना खुर्द स्थित अस्थाई गौ आश्रय स्थल पर कुल 135 गोवंश संरक्षित पाए गए। निरीक्षण के दौरान सभी पशुओं का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया। यहां पशुओं के भरण-पोषण के लिए भूसा और हरा चारा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने केयरटेकर को निर्देशित किया कि पानी की चर की नियमित रूप से सफाई की जाए, ताकि पशुओं को स्वच्छ पानी मिल सके।
इसके बाद उन्होंने रामपुर तिराहा स्थित गौ आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां केयरटेकर साफ-सफाई करते हुए मिले। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी सुश्री एकता को फोन के माध्यम से निर्देश दिए गए कि गौशाला से पानी की निकासी की स्थाई व्यवस्था कराई जाए, जिससे जलभराव की समस्या न हो।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि गौशाला में भूसा और जई का हरा चारा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा सभी गोवंश स्वस्थ हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिए कि गौशालाओं में पशुओं की देखभाल, साफ-सफाई और चारे की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group