मुजफ्फरनगर, 17 फरवरी 26। जनपद मुजफ्फरनगर में अवैध असलाह की खरीद-फरोख्त पर लगाम कसते हुए थाना कोतवाली नगर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर हथियार तस्करी के एक नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, रिवाल्वर और नगदी बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मिमलाना रोड स्थित न्यू गुडलक बारात घर के समीप संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक .32 बोर की पिस्टल, एक .32 बोर का रिवाल्वर तथा नगद पांच हजार रुपये बरामद हुए। बरामद असलाह के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ पुत्र सुभाष निवासी ग्राम मुथरा थाना चरथावल, अमरीश कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी ग्राम मुथरा थाना चरथावल, हिमांशु पुत्र नरेश कुमार निवासी ग्राम रायपुर थाना बाबरी जनपद शामली तथा दीपक कुमार पुत्र सुरेश पाल निवासी केवलपुरी थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अवैध असलाह की खरीद-फरोख्त में संलिप्त थे और संभावित ग्राहकों को हथियार उपलब्ध कराने की फिराक में थे। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क के तार अन्य जनपदों से जुड़े हैं या नहीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group