आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र में एक फैशन डिजाइनर महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि महिला कई वर्षों से एक सिपाही के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। शादी का भरोसा मिलने के बाद भी जब सिपाही ने साथ निभाने से इनकार कर दिया तो मानसिक तनाव में आकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार करीब 34 वर्षीय महिला पेशे से फैशन डिजाइनर थी और पिछले कुछ समय से आगरा में रहकर अपना काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान कानपुर देहात निवासी यूपी पुलिस के सिपाही जे.बी. गौतम से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब चार वर्षों से दोनों आगरा के ताजगंज क्षेत्र में किराए के फ्लैट में साथ रह रहे थे। आसपास के लोग भी उन्हें पति-पत्नी की तरह ही जानते थे।
परिजनों का आरोप है कि महिला बार-बार सिपाही से शादी करने की बात करती थी, लेकिन वह हर बार टाल देता था। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद भी होता था। इसी मानसिक दबाव के चलते महिला ने यह कदम उठा लिया।
घटना से पहले महिला ने अपने मोबाइल फोन से कुछ वीडियो भी रिकॉर्ड किए बताए जा रहे हैं, जिनमें उसने अपने संबंधों और मानसिक परेशानी का जिक्र किया है। परिजनों का यह भी कहना है कि महिला ने कुछ दिन पहले ताजगंज थाने में शिकायत करने की कोशिश की थी, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव का अंतिम संस्कार कासगंज जिले के कछला घाट पर किया गया। बेटी की मौत से परिवार में मातम छा गया।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही जे.बी. गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
