मुरादाबाद। जनपद के बिलारी रोडवेज बस अड्डे पर एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां पकौड़े खाने की बात कहकर पति को दुकान पर भेजने के बाद नवविवाहिता अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो पति ने पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर महिला की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र निवासी प्रीतम सिंह की शादी लगभग तीन माह पहले रामपुर जनपद के सैफनी थाना क्षेत्र की रहने वाली रिमझिम (18 वर्ष) के साथ हुई थी। होली के अवसर पर रिमझिम अपने मायके गई हुई थी। कुछ दिन बाद प्रीतम सिंह उसे वापस अपने घर लाने के लिए ससुराल पहुंचा और दोनों बस से अपने घर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि रास्ते में बस मुरादाबाद के बिलारी रोडवेज बस अड्डे पर कुछ देर के लिए रुकी। इसी दौरान रिमझिम ने पति से कहा कि उसे गरम पकौड़े खाने हैं और सामने की दुकान से पकौड़े व पानी की बोतल लेकर आने को कहा। पत्नी की बात मानकर प्रीतम सिंह बस से उतरकर पकौड़े लेने चला गया।
कुछ मिनट बाद जब वह पकौड़े लेकर वापस बस में लौटा तो उसकी सीट खाली मिली। पत्नी को बस में न देखकर वह घबरा गया और तुरंत बस अड्डे व आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि महिला मोबाइल पर बात करते हुए बस से नीचे उतरी और फिर कहीं चली गई।
काफी खोजबीन के बाद भी जब पत्नी का पता नहीं चला तो प्रीतम सिंह ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी परिचित युवक के साथ चली गई हो सकती है।
