मुजफ्फरनगर, 17 फरवरी 26। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना रामराज क्षेत्र में साधु के वेश में ठगी कर महिला के कान से सोने का कुंडल उतार ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बिजनौर जनपद की निवासी मुन्नी देवी अपने पुत्र के साथ रिश्तेदारी से लौट रही थीं। रास्ते में नहर पुल के समीप रुकने पर एक व्यक्ति साधु के भेष में उनके पास पहुंचा और धार्मिक बातचीत के बहाने उन्हें अपने प्रभाव में ले लिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला को झांसा देकर उसके कान से सोने का कुंडल उतरवा लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर थाना रामराज में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने देवल नहर पटरी के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबा बलदेवनाथ पुत्र अशोक नाथ निवासी ग्राम महमूदपुर सिकेरा, थाना बहसूमा, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया सोने का कुंडल बरामद कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि वह इसी तरह लोगों को झांसे में लेकर वारदात को अंजाम देता रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group