मुजफ्फरनगर। जिले में रसोई गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आपूर्ति विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र के कुंदनपुरा मोहल्ले में छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए गैस सिलेंडरों का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान मौके से 12 एलपीजी सिलेंडर और गैस तौलने में इस्तेमाल होने वाला कांटा बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया गया।
बताया गया कि जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय के निर्देश पर क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने कुंदनपुरा इलाके में एक संदिग्ध स्थान पर दबिश दी। विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग घरेलू गैस सिलेंडरों को इकट्ठा कर चोरी-छिपे रिफिलिंग कर रहे हैं और बाद में इन्हें ज्यादा दामों पर बेचने की तैयारी कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान टीम को मौके पर कई गैस सिलेंडर और तौलने का कांटा मिला, जिससे अवैध गतिविधि की पुष्टि हुई। विभाग ने सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन कुछ लोग अफवाह फैलाकर और जमाखोरी कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group