मुजफ्फरनगर। जनपद में पुलिस भर्ती में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से मोटी रकम वसूलने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर ताहिर उर्फ काला नाम का व्यक्ति भर्ती के नाम पर पैसे लेने की बात स्वीकार करता सुनाई दे रहा है। ऑडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
बताया जा रहा है कि यह मामला शाहपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि कुछ युवकों को पुलिस में भर्ती कराने का भरोसा दिलाकर उनसे लाखों रुपये लिए गए। सूत्रों के मुताबिक इस पूरे खेल में अलग-अलग लोगों से करीब तीन करोड़ रुपये तक की रकम वसूली जाने की चर्चा है।
वायरल ऑडियो में एक युवक अपने दिए गए रुपये वापस मांगता सुनाई देता है, जबकि दूसरी ओर से बातचीत करने वाला व्यक्ति पैसे लेने और उन्हें आगे तक पहुंचाने की बात कहता है। बातचीत के दौरान रुपये लौटाने का भरोसा भी दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भर्ती की तैयारी कर रहे कई युवाओं को यह भरोसा दिलाया गया था कि ऊंचे संपर्कों के जरिए उनका चयन करा दिया जाएगा। इसी लालच में कुछ अभ्यर्थियों ने बड़ी रकम दे दी। ऑडियो सामने आने के बाद अब पीड़ित युवक खुलकर सामने आने की बात कर रहे हैं।
उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत उनके पास नहीं पहुंची है। यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो वायरल ऑडियो की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल भर्ती प्रक्रिया के बीच सामने आए इस मामले ने युवाओं और उनके परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। लोग प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
