मुजफ्फरनगर। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का गुस्सा शनिवार को जिला मुख्यालय पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान परिसर में “सिलेंडर गायब, नरेंद्र गायब” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे।
प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने किया। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी की रसोई पर सीधा असर डाला है। गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है। उनका कहना था कि सरकार महंगाई पर काबू पाने में असफल साबित हो रही है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया और कहा कि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम जनता को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गैस के दाम तुरंत कम किए जाएं और महंगाई पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
पार्टी के जिला महासचिव अजय चौधरी ने कहा कि गैस की महंगाई का असर छोटे व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। होटल, ढाबे और खाने-पीने के छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ गई है, जिससे उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा और गैस सिलेंडर के दाम घटाने, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की।
इस मौके पर कुलदीप तोमर, अनुराग अहलावत, संजीव मान, मनोज कुमार, शिवा सिंघल और सुशील अहलावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group