उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में एक पुलिस अधिकारी के बयान ने सियासी माहौल को गर्म कर दिया है। मामला उस समय सामने आया जब असमोली क्षेत्र में आयोजित शांति समिति की बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुलदीप कुमार ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर होने वाले विरोध प्रदर्शनों पर तीखी टिप्पणी कर दी। बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसी को ईरान जैसे देशों के मामलों की इतनी चिंता है तो वह वहां जाने के लिए टिकट कटाकर अपनी लड़ाई वहीं लड़ सकता है, लेकिन भारत में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
बताया जाता है कि हाल के दिनों में कुछ संगठनों द्वारा विदेशों में चल रहे संघर्षों को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध की चर्चाएं चल रही थीं। इसी संदर्भ में पुलिस अधिकारी ने शांति समिति की बैठक में सख्त संदेश दिया कि जनपद में किसी भी तरह का माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी को नागरिकों से इस तरह की भाषा बोलने का अधिकार नहीं है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि “यह मुल्क किसी के बाप की जागीर नहीं है।”
मामले ने तूल पकड़ते ही स्थानीय राजनीति भी गर्म हो गई। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व संभल से विधायक इकबाल महमूद ने भी इस बयान को लेकर प्रशासन से जवाब मांगा है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि उनका उद्देश्य सिर्फ जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group